
सोमवार 14 अक्टूबर 2024 को झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के कर कमलों द्वारा नवी मुंबई के वाशी में बहुप्रतिक्षित झारखंड भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास ऑनलाइन माध्यम से सम्पन्न हुआ। नवी मुंबई में यह कार्यक्रम भवन निर्माण विभाग के सचिव आई ए एस अधिकारी श्री अरवा राजकमल के दिशा निर्देशों पर सफलता पूर्वक संचालित हुआ।
इस सात मंजिला भवन में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए वीवीआईपी सुइट्स, डीलक्स कमरे, प्रदर्शनी हॉल, सेमिनार हॉल, व्यायामशाला, भोजन क्षेत्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के साथ छत पर उद्यान, वर्षा जल संचयन आदि की सुविधा होगी। भवन को स्थानीय स्वाद देने के लिए पारंपरिक सोहराई पेंटिंग से सजाया जाएगा। यह भवन झारखंड से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को रियायती दरों पर आवास उपलब्ध कराकर उनकी सेवा भी करेगा।

झारखंड के प्रवासी मजदूरों के अग्रणी गैर सरकारी संगठन ‘झारखंडी एकता संघ’ ने पिछले 20 वर्षों से झारखंड सरकार के समक्ष इस मांग को लेकर अपने निरंतर प्रयासों से इस सपने को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए संघ माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करती है तथा माननीय विधायक विनोद सिंह का भी आभार व्यक्त करती है जिन्होंने इस कार्य को कराने में विशेष योगदान दिया।
इस अवसर पर ‘जेईएस’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री असलम अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष श्री फिरोज आलम, सचिव श्री संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष श्री ताजुद्दीन अंसारी तथा अन्य प्रमुख सदस्य श्री सदरुल शैख, श्री विनोद प्रसाद, श्री राजेंद्र शर्मा,श्री असगर खान, श्री काशिफ उल्लाह, श्री सलीम अंसारी, श्री कैलाश मंडल, श्री तौफिक अंसारी, श्री मुस्तकीम अंसारी तथा अन्य पदाधिकारी गण भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।








