
सीमा सुरक्षा बल, प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय (TC&S) तथा सहायक प्रशिक्षण केंद्र (STC) हजारीबाग के अंकुर प्ले स्कूल में बच्चों के उत्साह और उल्लास के बीच बाल दिवस एवं वार्षिक खेल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर, वरिष्ठ बाबा सदस्या श्रीमती मौसमी प्रमाणिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ बावा (BWWA) की 08 अन्य सदस्याओं ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आज का यह खिलखिलाहट भरा दिन हमारे भविष्य के निर्माताओं यानी बच्चों को समर्पित था।

कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण, बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने वाले कई रोचक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए खेल जैसे “कैटल एंड रैबिट्स रेस”, “बटरफ्लाई गेम”, “बैग अरेंजमेंट गेम” और “रैबिट जम्प” आयोजित किए गए, जिन्होंने बच्चों को खूब उत्साहित किया।

योग “हेल्थ इज वेल्थ” थीम पर आधारित प्रस्तुति ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई। शिक्षिकाओं ने छात्रों के स्वागत में मधुर गीत प्रस्तुत किए। बच्चों ने समूह नृत्य से सभी का मन मोह लिया। शिक्षिकाओं के साथ बच्चों का सामूहिक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों द्वारा शानदार पीटी ड्रिल का प्रदर्शन किया गया, जो उनके अनुशासन को दर्शाता है।

खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह में पदक देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ तथा वर्ष 2025 के लिए बेस्ट टीचर सलेक्ट कर उनको भी पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा समापन भाषण के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित किया और शिक्षा के साथ-साथ खेल के महत्व पर जोर दिया। यह संयुक्त समारोह न केवल बच्चों के लिए मनोरंजक रहा, बल्कि उन्हें टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व भी सिखाया।
सीमा सुरक्षा बल ने सदैव ही बच्चों को देश की अनमोल धरोहर मानते हुए उनके सपनों को नई उड़ान देने के लिए प्रोत्साहित किया है और भविष्य में भी उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर ही प्रयत्नशील रहेगा।








