ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

हजारीबाग | ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 16 मार्च को स्थानीय पैराडाइज रिजॉर्ट, हजारीबाग में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने की।

बैठक में महापौर अरविंद राणा, उप महापौर अविनाश  यादव, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष, शांति समिति एवं सद्भावना समिति के अध्यक्ष तथा सदस्य उपस्थित थे।

बैठक के दौरान आगामी त्योहारों के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संपादन के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर पूजा अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा भी प्रशासन का ध्यान आवश्यक व्यवस्थाओं की ओर आकृष्ट कराया गया। उन्होंने शोभा यात्रा के दौरान नशामुक्त अभियान चलाने, जुलूस मार्गों पर बिजली की समुचित व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, एम्बुलेंस के लिए वैकल्पिक मार्ग, पेड़ों की छंटाई तथा महिला पुलिस बल की तैनाती जैसे विषयों पर अपने सुझाव रखे।

बैठक के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी अपने वैभव एवं अनुशासन के लिए विख्यात है। इसकी गरिमा एवं परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा पर्व-त्योहारों को परंपरागत एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उपायुक्त ने लोगों से नशामुक्त वातावरण में त्योहार मनाने तथा विधि-व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे के प्रयोग पर प्रशासन की सख्त मनाही है, क्योंकि अत्यधिक ध्वनि से वृद्ध, मरीज एवं अन्य संवेदनशील वर्गों को परेशानी होती है।

पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी काफी प्रसिद्ध है और इसमें लाखों श्रद्धालु जुलूस में शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा जुलूस के सुचारू संचालन हेतु व्यापक व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। प्रत्येक जुलूस की नंबरिंग की जाएगी तथा रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर तीन नियंत्रण कक्ष हजारीबाग, बड़कागांव एवं बरही में संचालित किए जाएंगे, जहां से विधि-व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाएगी।

साथ ही उन्होंने आम लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए सभी से मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व-त्योहार मनाने की अपील की।

Leave a Comment

7k Network