
देश के 10 लाख युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 से चलाए जा रहे कार्यक्रम “रोजगार मेला” के 12 वें चरण में दिनांक 12 फरवरी 2024 को देश के 46 अलग-अलग जगहों पर रोजगार मेले का आयोजन कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। देेश के हर प्रान्त के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की शुरूआत दिनांक 22 अक्टूबर 2022 से की गई थी। 30 नवंबर 2023 तक लगभग 7 लाख चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया था व इस 12वें चरण में 1 लाख चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर इस अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

माननीय प्रधानमंत्री द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत देश के सभी राज्यों से चुनें गए नए कर्मियों को केन्द्रीय गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों जैसेः- केन्द्रीय सुरक्षा बल, बैंक, रेलवे, डाक विभाग, चिक्त्सिा विभाग आदि मेें विभिन्न पदों पर नियुक्ति की गई एवं रोजगार के अवसर प्रदान कर राष्ट्र को सबल बनाने का कार्य बखूबी किया गया है।

इसी कड़ी में दिनांक 12 फरवरी 2024 को सीमा सुरक्षा बल, प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय, मेरू कैंप, हजारीबाग में रोजगार मेले का आयोजन किया गया जिसमें के0 एस0 बन्याल, महानिरीक्षक, प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय, श्री डेनियल अधिकारी, महानिरीक्षक, सहायक प्रशिक्षण केन्द्र मेरू हजारीबाग, श्री राजेश कुमार, उप महानिरीक्षक, श्री राकेश रंजन लाल, उप महानिरीक्षक व श्री डी0 के0 प्रमाणिक, उप महानिरीक्षक द्वारा मुख्य अतिथी माननीय श्रीमति अन्नपूर्णा देवी, शिक्षा राज्य मन्त्री, भारत सरकार का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्हे परिसर स्थित शान-ए-मगध अतिथी गृह में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिय संबोधित कर की, जिसमें उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को कहा कि उन्हे राष्ट्र सेवा का यह सुअवसर प्राप्त हुआ है, आप अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करे एवं अपने राष्ट्र को गौरवान्वित करें। महोदय ने कहा कि नवनियुक्त कर्मियों को कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिलेगा।

मुख्य अतिथी माननीय श्रीमति अन्नपूर्णा देवी, शिक्षा राज्य मन्त्री भारत सरकार द्वारा झारखण्ड एवं बिहार राज्य के केन्द्रीय सुरक्षा बलों (35), डाक विभाग (17), (ए0आई0आई0एम0एस0) (34), रेलवे (28) एवं ई0पी0एफ0ओ0 (03) में चयनित कुल 117 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस मौके पर श्री मनीष जयसवाल, विधायक (बी0जे0पी0), सदर हजारीबाग, आशुतोष कुमार सिंघा (डाक विभाग), श्री अनूप सिन्हा (रेलवे विभाग), श्री अभिषेक भारद्वाज (ई0पी0एफ0ओ0), श्री साकेत बिहारी (ए0आई0आई0एम0एस0), श्री चक्रपानी सिद्धार्थ (एफ0सी0आई0) एवं चयनित अभ्यर्थी व उनके माता पिता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथी महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार सृजन को मुख्य प्राथमिकता देने की माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण कदम रहा है। उन्होने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। महोदया ने कहा कि यह अभियान केन्द्रीय बलों को आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, उग्रवाद, वामपंथी उग्रवाद का मुकाबला करने और राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने में सहायता करने जैसी अपनी बहुआयामी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।








