
बड़कागांव अबुआ आवास योजना के मार्गदर्शिका में निहित प्रावधानों के अनुरूप ही योग्य लाभुकों का चयन करते हुए जियो टैग करना सुनिश्चित किया जाए। शिकायत मिलने के बाद पंचायत सेवक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। उक्त बातें बड़कागांव 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष हाजी तबस्सुम ने प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहीं। हाजी तबस्सुम ने आगे कहा कि शिकायतें मिल रही है कि अबुआ आवास की सूची के अनुरूप पंचायत में बिचौलिया के द्वारा पैसा वसूली का खेल शुरू हो गई है।
जिस पंचायत से स्पष्ट शिकायत मिलेगी उस पंचायत के पंचायत सेवक के विरुद्ध वरीय पदाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी सूची बनी है उसमें कई योग्य लाभुक जिन्हें पहले मिलना चाहिए उसका नाम बाद में है। उन्होंने कहा कि प्रखंड से मैं पूरे सूची की मांग किया हूं उसकी जांच की जा रही है। 20 सूत्री अध्यक्ष ने कई विकास योजनाओं का भी ग्रामीणों का शिकायत सुनते हुए समस्या का समाधान किया। ज्ञात हो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में बड़कागांव प्रखंड को 1052 अबुआ का आवंटन हुआ है। इसमें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 50 प्रतिशत, माइनॉरिटी के लिए 10 प्रतिशत ओबीसी के लिए 35 प्रतिशत एवं सामान्य के लिए 5 प्रतिशत लक्ष्य निश्चित है।
बड़कागांव प्रखंड कार्यालय के पत्रांक 235 दिनांक 7/2/2024 के आलोक में बड़कागांव प्रखंड के 23 पंचायत को पंचायत वार आवास आवंटन किया गया है जिसमें आंगो पंचायत को 38, बादम को 69, बड़कागांव पूर्वी को 57, बड़कागांव मध्य को 47, बड़कागांव पश्चिमी को 45, चंदौल को 47, चेपाकला को 45, चौपदार बलिया को 60, डाडीकला को 8,गरसुला को 41, गोंदलपुरा को 44, हरली को 52, कांडतरी को 63, महुगाईकला को 68, नापोखुर्द को 51, नयाटांड़ को 46, पोटंगा को 52, सांढ को 43, सिकरी को 47, सिंदुवारी को 23, सिरमा को 40, तलसवार को 35 एवं ऊरीमारी को 32 आवास आवंटन हुआ है। कुल 1053 आवास में 50 प्रतिशत 526 आवास अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, 10 प्रतिशत में 105 आवास मैनोरौटी,35 प्रतिशत में 369 आवास ओबीसी एवं 5 प्रतिशत में 53 आवास सामान्य को कोटि को निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार पंचायत वार भी सभी कोटि के लिए लक्ष्य निर्धारित की गई है। पंचायत में कोटिवार निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने पर उसी कोटि के लक्ष्य दूसरे पंचायत में पूरा करने का पत्र में निर्देशित किया गया है। प्रखंड कार्यालय से जारी पत्र में यह भी निर्देशित की गई है कि जो भी कोटिवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है उस लक्ष्य को हर हाल में उसी कोटि से पूरा करना सुनिश्चित होना है।








