NH522 हुटपा,मेरु के बीच भीषण सड़क हादसा, ट्रक और 407 पिकअप की टक्कर में दोनों चालक गंभीर

दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए चालक, एम्बुलेंस से भेजा गया सदर अस्पताल

हजारीबाग: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हुटपा–मेरु एनएच-522 मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यह हादसा एक ट्रक और 407 पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालक गाड़ियों के बीच फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार 407 पिकअप वाहन (संख्या JH01CR 5959) में पोल्ट्री चूजों का दाना लोड था, जबकि ट्रक (संख्या JH13H 6056) खाली था। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फंसे हुए चालकों को निकालने के लिए जेसीबी और हाइड्रा मशीन मंगवाई गई।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को वाहनों के बीच से घायल अवस्था में बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि ट्रक चालक का एक पैर कट गया है, जबकि 407 पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट लगी है। दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक बगोदर से हजारीबाग की ओर आ रहा था, जबकि 407 पिकअप वाहन हजारीबाग से बगोदर की ओर पोल्ट्री चूजों का दाना लेकर जा रहा था। इसी दौरान मेरु–हुटपा एनएच-522 पर दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

Leave a Comment

7k Network