हजारीबाग में हज यात्रियों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर संपन्न

हजारीबाग, मंगलवार। हज 2026 की तैयारियों को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन एवं झारखंड स्टेट हज कमिटी के संयुक्त तत्वावधान में नवाबगंज स्थित होटल आकाश दीप में हज यात्रियों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के समन्वयक इरफान अहमद उर्फ काजू ने बताया कि इस वर्ष जिले से कुल 98 हज यात्री हज यात्रा पर जाएंगे, जिनकी उड़ान दिल्ली, मुंबई और कोलकाता से निर्धारित है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर यात्रियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए बेहद जरूरी हैं।

रांची से आए प्रशिक्षक हाजी कैसर आलम ने हज यात्रा की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियां और अनुशासन पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं शहर काजी मुफ्ती अब्दुल जलील सादी ने हज के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सब्र और तक़वा के साथ इबादत करने की अपील की।

डॉ. शाहीना परवीन और नाज़नीन हसन ने स्वास्थ्य, टीकाकरण और यात्रा के दौरान जरूरी सावधानियों पर मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण में एहराम, तवाफ, सई और अराफात जैसे प्रमुख अरकानों को सरल तरीके से समझाया गया।
शिविर में यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज, यात्रा नियम और सऊदी अरब में पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सलाउद्दीन सल्लू, हाजी इकराम कुरैशी, मोहम्मद शाहिद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

7k Network