
हजारीबाग। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 47वां स्थापना दिवस शनिवार को हजारीबाग जिला स्कूल मैदान में भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे, जिससे पूरा मैदान जनसैलाब में तब्दील हो गया। इस आयोजन ने जिले के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया और झामुमो की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत दिया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अमित महतो, समीर मोहंती, मथुरा महतो और सुखराम उरांव शामिल हुए। इसके अलावा ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जानकी यादव तथा दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। राज्यभर से पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुरुआत शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए। टुंडी विधायक मथुरा महतो ने कहा कि झारखंड का विकास अगर कोई कर सकता है केवल झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार कर सकती है ।हम लोग गुरुजी शिबु सोरेन के संघर्ष के साथी रहे हैं और झारखंड को अलग राज्य का दर्जा हम सभी मिलकर दिलाए जिसका लाभ पूरे झारखंड के लोगों को मिल रहा है ।
सिल्ली विधायक अमित महतो ने कहा कि झामुमो का यह स्थापना दिवस समारोह न केवल संगठन की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करने का संकेत भी देता है। वहीं उन्होंने नए कार्यकर्ताओं के झामुमो के शामिल होने पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बहरागोड़ा विधानसभा के विधायक समीर मोहंती ने भी अपनी बातों को रखते हुए कहा कि हम सभी आज स्थापना दिवस पर एक जगह एकत्रित हुए हैं । यह जनसैलाब झामुमो की मजबूती को दर्शाता है ।

वहीं सुखराम उरांव ने भी जनसैलाब को संबोधित करते हुए सभी लोग मिलकर झारखंड की मजबूती पर बल देने की बात रखी ।संजीव बेदिया ने कहा कि हजारीबाग की पावन धरती पर उमड़ा जनसैलाब झामुमो के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और भरोसे से ही राज्य का समग्र विकास संभव है।
उन्होंने यह भी बताया कि हर प्रखंड से कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिसमें महिलाओं की उपस्थिति भी काफी उल्लेखनीय रही।वहीं, समन्वय समिति सदस्य फागू बेसरा ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि कई दिनों की मेहनत और तैयारी का परिणाम आज देखने को मिला है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।
अपने संबोधन में संजीव बेदिया ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने विशेष रूप से ‘मैयां सम्मान योजना’ को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से राज्य की माताओं और बहनों को आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती मिली है
कार्यक्रम में पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने भी अपने विचार रखे। इनमें केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा, विकास राणा, जिला सचिव नीलकंठ महतो, जिला उपाध्यक्ष रंजीत मेहता, प्रवक्ता सतीश दास, जिला मीडिया प्रभारी कुणाल यादव, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, बड़कागांव प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, इचाक प्रखंड अध्यक्ष राजेश मेहता, मनोहर राम, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष साजमा खातून, नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, संजय गुप्ता और उमेश गुप्ता सहित अन्य नेता शामिल रहे।आयोजन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।








