
दारू ( हजारीबाग): दारू थाना क्षेत्र के इरगा निवासी गुलाब साव की मौत के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने ईरगा में मृतक का शव लेकर NH-522 को करीब 5 घंटे तक जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बताया गया कि रामनवमी जुलूस के दौरान हुए चाकूबाजी कांड में गुलाब साव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने न्याय व मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के दौरान दारू क्षेत्र की सभी दुकानें बंद रहीं, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक वाहन फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, अंचलाधिकारी राम बालक कुमार और थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन के साथ साथ युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रिंकू कुमार शामिल थे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब 5 घंटे की बातचीत और आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया और स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद शव को सिवाने नदी बरवाघाट में अंतिम संस्कार किया गया जहां शव को मुखाग्नि पिता तिलक साव ने दिया।

मामले को उपायुक्त ने खुद से लिया संज्ञान,हर सरकारी संभव का आश्वासन
हजारीबाग के उपायुक्त ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मृतक की नन्ही बच्ची को बाल संरक्षण आयोग के तहत ₹4000 प्रतिमाह दी जाएगी। साथ ही मृतक की पत्नी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आश्वासन भी दिया गया।








