चतरा; मयूरहंड पुलिस की दबंगई, आर्मी जवान को बेरहमी से पीटा, वीडियो हुआ वायरल।
चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा चौक के पास मास्क चेकिंग अभियान चला रहे पुलिस के जवानों पर आर्मी के एक जवान पवन कुमार यादव की बेरहमी से पिटाई का गंभीर आरोप लगा है। वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि मयूरहंड थाना की पुलिस बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में करमा चौक पर सघन मास्क चेकिंग अभियान चला रही थी। अभियान के दौरान ही हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-भूसाही गांव निवासी आर्मी का जवान पवन कुमार यादव अपने बाइक से मौके पर पहुंच गया। उसे भी चेकिंग अभियान में जुटे पुलिस के जवानों ने मौके पर रुकवाया।
जिसके बाद बाइक रुकते ही मयूरहंड थाना में पदस्थापित हवलदार संजय बहादुर राणा ने पवन के बाइक की चाभी निकाल ली। बाईक से चाभी निकालने का आर्मी के जवान पवन ने विरोध किया। फिर क्या था आव ना देखा ताव ? खुद बगैर मास्क मौके पर अभियान में जुटे हवलदार ने सैनिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने सड़क पर ही पटक कर आर्मी के जवान पवन की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इतने में भी उनका दिल नहीं माना तो वह जवान पर लात घुस्सों की बरसात करते हुए बर्बरता की सारी हदें पार कर गए।
हालांकि इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने आर्मी का हवाला देते हुए बेलगाम पुलिसकर्मियों से पवन को छोड़ने की गुहार लगाते रहे। लेकिन उसके बावजूद सरेराह गुंडागर्दी पर आमादा मयूरहंड थाना के कानूनी ठेकेदार आर्मी के जवान पवन को छोड़ने के बजाय उसे अपने साथ थाना ले गए। मयूरहंड पुलिस की बर्बरता की इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
एसपी ने की कार्रवाई, तीन पुलिसकर्मी निलंबित, दो सहायक पुलिस कर्मी हुए लाइन हाजिर।
वीडियो वायरल होते ही एसपी राकेश रंजन हरकत में आए और उन्होंने आनन-फानन में जांच का जिम्मा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय केदार राम को सौंप दिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है दो सहायक पुलिसकर्मी हुए लाइन क्लोज।
इधर ईस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया में पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग पुलिसिया बर्बरता को देश का अपमान बता कर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे हैं। चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह ने भी मामले में एसपी से बात कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया है। आरोपी पुलिसकर्मी पवन पर मास्क नहीं पहनने और जांच के लिए रोकने पर मारपीट का आरोप लगा रहे है। ऐसे में यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या महज मास्क नहीं पहनने पर फाइन काटने के बजाय आर्मी के जवान के साथ मयूरहंड पुलिस की यह बर्बरता जायज थी…?












