ग्रुप लोन के झांसे में फसी गरीब महिलाएं, प्रवर्तन निदेशालय ने टाटीझरिया के झरपो की 12 महिलाओं को जारी किया नोटिस

नोटिस आने के बाद मची खलबली, 3.9 करोड रुपये का मामला

प्रलोभन देकर खुलाया गया था महिलाओं का खाता, जांच में जुटी पुलिस

ग्रुप लोन के झांसे में फंसी महिलाएं

टाटीझरिया के झरपो की 12 महिलाओं के बैंक खाते से हुई निकासी जांच के दायरे में आ गई है और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के द्वारा इन्हें नोटिस जारी किया गया है। झरपो निवासी उमा देवी पति भुनेश्वर भुइयां, बाली देवी पति राजेंद्र भुइयां, सरिता देवी पति भुनेश्वर भुइयां, सुनिता देवी पति काली रविदास, चमेली देवी पति महेंद्र भुइयां, कौलेश्वरी देवी पति नारायण सिंह, वीणा देवी पति ज्ञानी भुइयां, नीतू देवी पति रामू भुइयां, संजू देवी पति गोवर्धन भुइयां, सोनिया देवी पति प्रकाश भुइयां, हेवंती देवी पति नंदू भुइयां, सोनी देवी पति टिंकू साव को ईडी ने नोटिस जारी किया है। सुनिता देवी के द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि भराजो निवासी गुडिया देवी पति अरूण प्रसाद ने उसके खाते से छह लाख रुपये की अवैध निकासी की है। उसने लिखा है कि गुडिया देवी के द्वारा लोन दिलाने व अन्य प्रलोभन देकर हजारीबाग एक्सिस बैंक में खाता खुलाया गया और पासबुक गुडिया देवी अपने पास रख ली। उसके बैंक खाते में कहां से पैसा आया उसकी जानकारी उसे नहीं है। खाते से पैसों की हो रही निकासी की जांच करने बैंक कर्मी झरपो पहुंचे तब उसने बताया कि उसके द्वारा बैंक से पैसे नहीं निकाले जा रहे हैं। उसे हजारीबाग बुलाया गया। जहां उसके खाते से अधिक रूपयों की निकासी होता देख उसका खाता बंद कराया गया।

रोजगार का दिखाया सब्जबाग फिर खाते से की गई अवैध निकासी

गुरूवार को टाटीझरिया थाना पहुंची महिलाओं ने बताया कि झरपो की पूनम देवी ने उनलोगों को गुडिया देवी से मिलाया था। गुडिया देवी ने उनलोगों को रोजगार दिलाने, सिलाई मशीन सिखाने, लघु व कुटीर उद्योग जैसे मोमबत्ती, अगरबत्ती बनाने की मशीन दिलाने समेत कई प्रकार का प्रलोभन दिया। हालांकि महिलाओं को साडी जरूर दी गई थी।

महिलाओं ने बताया कि गुडिया देवी ने उनलोगों का कई बैंकों में खाता खुलवा कर पासबुक अपने पास रख ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन महिलाओं के खाते में 3 करोड़ 90 लाख रुपये में से 3 करोड 25 लाख रुपये की निकासी की गई है। रूपये विदेशों से भी डाले गए हैं। आवेदन मिलने के बाद पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है। ईडी द्वारा नोटिस जारी करने व बडी राशि का हेरफेर होने का उद्भेदन होने पर इस मामले में कई लोगों का चेहरा सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Comment

7k Network

Read More