
झारखंड खनिज संपदाओं से भरा पड़ा है मगर झारखंड सरकार की नीति एवं सिद्धांतों के कारण हमारे युवा साथी दर-दर भटक रहे हैं: राजकुमार
हजारीबाग/ दारू झारखंड पार्टी (झापा) के हजारीबाग लोकसभा प्रत्याशी राजकुमार उर्फ बब्लू कुशवाहा ने नगर क्षेत्र के नूरा और दारू प्रखंड क्षेत्र के झुमरा, हरली, और दारू में सघन चुनावी दौरा कर जन संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मिलकर जन समर्थन की अपील करते हुए कहा कि झारखंड की क्षेत्रीय पार्टी जो माटी की पार्टी है जल जंगल जमीन की पार्टी है झारखंड पार्टी के उम्मीदवार के रूप में खड़ा हुआ हूं और आप सभी से समर्थन की अपील करता हूं।

उन्होंने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा की झारखंड खनिज संपदाओं से भरा पड़ा है मगर झारखंड के लोग बेरोजगारी की जिंदगी जी रहे हैं हमारे पढ़े लिखे शिक्षित बेरोजगार युवा और युवती डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं और बाहरी लोग हमारी संपत्तियों पर राज कर रहे हैं। झारखंड सरकार की नीति एवं सिद्धांतों ने हमारे युवा साथियों को दर-दर की ठोकरे खाने पर मजबूर कर दिया है।

कोयला हमारा लोहा हमारा बालू हमारा मगर इन सभी पर अधिकार बाहरी लोगों का है। हमारी जमीनें छीनी जा रही है और अंबानी अडानी जैसे बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती है जो यहां पर हमारे खनिज संपदाओं को लूट कर राज कर रहे हैं मगर किसी भी स्थानीय तौर पर रोजगार की स्थाई व्यवस्था नहीं है जिसके कारण हमारे युवा साथी निराशा की जिंदगी जी रहे हैं और बदहाली की जिंदगी जीने को मजबूर है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सूरज कुमार कुशवाहा, योगेंद्र प्रसाद, शिवम कुमार, सत्यम कुमार, शंकर सहित सैकड़ो समर्थक और कार्यकर्ता शामिल थे।








