दुर्गा पूजा को लेकर मुफ्फसिल थाना में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सौहार्दपूर्ण आयोजन पर दिया गया जोर

असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी : रौशन कुमार वर्णवाल

सदर प्रखंड के अंतर्गत मुफ्फसिल थाना में आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर मुफ्फसिल थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रौशन कुमार वर्णवाल एवं सदर अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैठक में दुर्गा पूजा को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई, जिसमें विशेष रूप से पूजा पंडालों की सुरक्षा, बिजली की समुचित व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, ध्वनि प्रदूषण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के विषय शामिल थे। ग्रामीणों ने मांग की कि सप्तमी से लेकर विजयादशमी तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि पूजा आयोजन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में ग्रामीणों ने बाइक सवार युवाओं द्वारा तेज गति से वाहन चलाने को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आग्रह किया कि पूजा के दौरान विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे युवाओं पर कड़ी नजर रखी जाए जो बेकाबू तरीके से बाइक चलाकर आम जन को खतरे में डालते हैं।

इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पूजा के दौरान विशेष गश्ती दलों की तैनाती की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। सदर अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सामुदायिक सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।  सभी ने एकमत होकर यह संकल्प लिया कि क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने में वे प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे।

थाना प्रभारी रौशन कुमार वर्णवाल ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सभी पूजा समितियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपें ताकि भीड़ पर नियंत्रण रखा जा सके।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और दुर्गा पूजा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने का संकल्प दोहराया। बैठक में  सदर थाना प्रभारी रौशन कुमार वर्णवाल, अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार,सत्यम, संजय रतन, महेंद्र राम ,रामबदन सिंह ,पंकज कुमार ,रामेश्वर महतो और  अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Comment

7k Network