
कहा शंकरपुर मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
शंकरपुर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय अमन कुमार और उनकी मां लीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब लीला देवी अपने बेटे अमन, जो डीपीएस स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था, को स्कूटी से घर ले जा रही थीं। स्कूल से महज 200 गज की दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को कुचल दिया। वहीं मृतका लीला देवी के पति कोडरमा में एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही और सड़क पर तेज रफ्तार ट्रकों की आवाजाही के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जबकि घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं और ट्रकों की तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मुन्ना सिंह ने अपने प्रतिनिधियों को मौके पर भेजकर प्रदर्शनकारियों से शांत रहने की अपील की और भरोसा दिया कि दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं राजधानी रांची में मुन्ना सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं इस वक्त बहुत गहरे शोक में हूं मेरे परिवार के सदस्य की मौत हो जाने के कारण अभी अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर आया हुआ हूं।

वापस लौटते ही इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की प्रशासन से करूंगा। उन्होंने भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने, स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की। जबकि उन्होंने आगे कहा कि मैं इस घटना की जांच की मांग प्रशासन से करता हूं । मुन्ना ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा, यह मामला ठंडे बस्ते में दबा नहीं रह जाएगा । जल्द ही इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।








