हज़ारीबाग; मेरू BSF कैंप में लगेगा भव्य दिवाली मेला, आम जनता लगा सकेंगे अपना स्टोल।
सीमा सुरक्षा बल मेरू कैंप में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 19 अक्टूबर 2022 को श्री पी0 एस0 बैंस, महानिरीक्षक, प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय के तत्वावधान में मेरू परिसर स्थित एडम ग्राउंड में दिवाली के अवसर पर 01 दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में आम जन-मानस की उपस्थिति को इस बार न केवल सुगम बनाया जाएगा अपितु उसमें अपने खान-पान व मिठाई के स्टॉल, खिलौने, कपड़े, पटाखों की दुकान एवं झूले इत्यादि लगाकर भागीदार हो सकेंगे।
इस संबंध में सुविधा हेतु श्री एच0 के0 पाठक, उपसमादेष्टा (मोबाईल नम्बरः- 7982871380), निरीक्षक (प्रशा0) जितेन्द्र कुमार (मोबाईल न0ः- 9149748016) से संपर्क स्थापित कर मेले में स्टॉल लगाने की अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। दिवाली मेेले का आयोजन सुबह 10.00 बजे से सांयकाल 16.00 बजे तक रहेगा, आने वाले सभी आगंतुको से निवेदन है कि वे मेले में अनुशासन के नियमों का सदृढ़ता से पालन करे।
प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय व सहायक प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा संयुक्त रूप से मेले का आयोजन इसे और अधिक भव्य और व्यापक बनायेगा। प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय के सभी समूह व सहायक प्रशिक्षण केन्द्र की सभी कम्पनियाँ अपने खाने पीने के स्टॉलों के साथ-साथ मनोरंजन और रोमांच उत्पन्न करने वाले खेलो का आयोजन भी करेगी।
सीमा सुरक्षा बल जो भारत के हर प्रान्त के बहादुर जवानों का समूह है व उनके परिवारजनोें के साथ मिलन राष्ट्र की पूरी संस्कृति की झलक आपको इस मेले के दौरान देखने को मिलेगी। एक ही स्थान पर समस्त भारत के स्वादिष्ट व्यंजनों जैसे दक्षिण भारत का इडली डोसा, उत्तर भारत के छोले भटूरे के साथ साथ शाकाहारी एवं मांसाहारी व्यंजनों इत्यादि का स्वाद लिया जा सकेगा वहीं दुसरी तरफ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर ईनाम भी जीते जा सकेंगें। मेले में सभी के मनोरंजन हेतु सीमा सुरक्षा बल के जॉज एवं ब्रास बैंड की टीम निरन्तर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। मेले के आयोजन के दौरान अनुशासन व सुरक्षा का विशेष ध्यान व सावधानी बरती जाएगी।









